ब्राज़ील में विमान दुर्घटना: 62 लोगों की मौत

ब्राज़ील के साओ पाउलो राज्य के एक आवासीय इलाके में शुक्रवार को एक विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिसमें 62 लोगों की मौत हो गई। विमान में 58 यात्री और चालक दल के 4 सदस्य सवार थे। यह विमान साओ पाउलो के गुआरुलोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे की ओर जा रहा था। दुर्घटनाग्रस्त विमान एटीआर 72-500 ट्विन इंजन टर्बोप्रॉप था, जो हवा में अनियंत्रित होकर गिर गया।
सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में विमान के अचानक घूमने और फिर तेजी से जमीन की ओर गिरने के दृश्य स्पष्ट रूप से देखे जा सकते हैं। विमान के गिरने से आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई और धुआं और आग की लपटें उठने लगीं। हादसे के कुछ ही क्षणों में विमान 17,000 फीट की ऊंचाई से नीचे गिर गया।
ब्राज़ील के राष्ट्रपति लुइज़ इनासियो लूला डी सिल्वा ने इस हादसे पर अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त की हैं। अग्निशामक, सैन्य पुलिस और नागरिक सुरक्षा अधिकारियों ने दुर्घटनास्थल पर राहत कार्य शुरू कर दिया है। ब्राज़ीलियाई टेलीविज़न नेटवर्क ग्लोबोन्यूज़ ने मलबे से उठते धुएं और आग की लपटों की फुटेज जारी की है।





