विजय दिवस (1971 भारत-पाकिस्तान युद्ध) स्मरणोत्सव का आयोजन, सूरत में
सूरत: नेहरू युवा केंद्र-सूरत और मेरा भारत-सूरत द्वारा नवयुग कॉमर्स कॉलेज में 1971 के भारत-पाकिस्तान युद्ध के विजय दिवस का स्मरणोत्सव कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम भारत सरकार के युवा मामले और खेल मंत्रालय के तहत हुआ, जिसमें शहीद सैनिकों को श्रद्धांजलि अर्पित करने और विजय दिवस के महत्व को युवाओं में जागरूक करने पर जोर दिया गया।
कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों ने एक मिनट का मौन रखकर शहीद सैनिकों को श्रद्धांजलि दी। इसके बाद, नेहरू युवा केंद्र-सूरत के जिला युवा अधिकारी सचिन शर्मा के मार्गदर्शन में देशभक्ति गीत प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में कॉलेज के छात्रों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अपनी प्रस्तुति से सभी का दिल जीत लिया। प्रतियोगिता के दौरान, पहले तीन विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए गए।
कार्यक्रम में नवयुग कॉलेज के प्रोफेसर मेहुल शाह, प्रोफेसर बिंदु शाह, राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवक गौरव पदया, उज्ज्वल परमार, हर्ष खत्री सहित 150 से अधिक छात्र उपस्थित थे। इस आयोजन ने युवाओं को राष्ट्रभक्ति की भावना से प्रेरित किया और विजय दिवस की ऐतिहासिक महत्ता को समझाने का एक बेहतरीन अवसर प्रदान किया।

