वायरल न्यूज़

कंजूस चाची की कहानी: बचत और समझदारी से मुश्किल घड़ी में मिली राहत

चाची घर की मुखिया थीं और हर खर्च का हिसाब-किताब उनके पास होता था। उन्हें ठीक-ठीक पता था कि घर के हर कोने में कितना पैसा लग रहा है और कैसे वह पैसे बचा सकती हैं। घर वाले उन्हें अक्सर “कंजूस चाची” कहकर बुलाते थे, और उनकी बचत की आदतों पर हंसी-ठिठोली भी होती रहती थी। अगर चाची की चप्पल टूट जाती, तो नई चप्पल खरीदने के बजाय वे उसमें कील ठोंककर उसे फिर से पहन लेतीं। बाजार में सब्जी खरीदते समय हर सब्जी वाले से मोल-भाव करना उनकी आदत थी। उनका मानना था कि पैसे बचाना ही असली कमाई है, और इस आदत के कारण पूरा घर उन्हें कंजूस समझता था।

एक दिन, चाची के भतीजे संजय ने उनसे पूछ ही लिया, “चाची, सब आपको ‘कंजूस चाची’ कहते हैं। क्या आपको बुरा नहीं लगता?” चाची मुस्कुराते हुए बोलीं, “नहीं बेटा, बुरा क्यों लगेगा? मैं हूँ ही कंजूस। लेकिन क्यों हूँ, यह कभी वक्त आने पर समझ में आएगा।”

समय बीतता गया और एक दिन अचानक चाची की सास की तबीयत बिगड़ गई। पूरे घर में अफरा-तफरी मच गई। उन्हें जल्दी से अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टर ने जांच के बाद कहा, “मामला गंभीर है। हृदय रोग है, और तुरंत ऑपरेशन करना पड़ेगा। आपलोग ऑपरेशन की तैयारी कीजिए, और पैसे काउंटर पर जमा करवा दीजिए।”

डॉक्टर की बात सुनकर घर के सभी लोग चिंतित हो गए। इतनी बड़ी रकम जुटाने की चिंता सबके सामने थी। तभी संजय के पास चाची का फोन आया। चाची ने पूछा, “डॉक्टर ने क्या कहा, संजय?” संजय ने कहा, “डॉक्टर ने कहा है कि ऑपरेशन करना पड़ेगा और तुरंत पैसे जमा कराने होंगे। पापा इंतजाम करने के लिए निकल रहे हैं।”

चाची ने तुरंत कहा, “उन्हें कहीं मत जाने दो, मैं अभी आ रही हूँ।” कुछ ही समय में चाची अस्पताल पहुंचीं और अपने पर्स से नोटों के बंडल निकालकर पूछा, “बताओ, कितने पैसे जमा करने हैं?” इतने सारे पैसे देखकर सभी लोग हैरान रह गए। संजय ने आश्चर्य से पूछा, “चाची, ये पैसे आपने कैसे जमा किए?”

चाची मुस्कुराते हुए बोलीं, “बेटा, यही वो समय है जिसके लिए मैंने कंजूसाई की थी। जीवन में कब कैसी जरूरत पड़ जाए, कोई नहीं जानता। तुम जिसे कंजूसाई कहते हो, मैं उसे समझदारी और बचत कहती हूँ।” उन्होंने संजय को स्नेहपूर्वक समझाया, “जो बचत करना सीख लेता है, उसे मुसीबत के समय किसी के सामने हाथ नहीं फैलाना पड़ता। मैंने ये पैसे तुम्हारे पापा और इस घर के लिए ही बचाए थे ताकि मुश्किल समय में हमें किसी और पर निर्भर नहीं रहना पड़े।”

चाची की बातें सुनकर सभी के दिल में उनके प्रति सम्मान और बढ़ गया। जो लोग उन्हें कंजूस समझते थे, वे अब समझ गए थे कि वास्तव में चाची कितनी समझदार और दूरदर्शी थीं। चाची ने अपने जीवन में जो भी पैसे बचाए थे, वह सिर्फ अपने लिए नहीं, बल्कि पूरे परिवार के लिए था। उन्होंने अपने परिवार को सिखाया कि बचत का महत्व क्या होता है और कैसे एक छोटी-सी समझदारी पूरी जिंदगी को संवार सकती है।

उस दिन के बाद, किसी ने चाची को ‘कंजूस’ नहीं कहा। अब सभी उन्हें ‘समझदार चाची’ कहने लगे। उनके ज्ञान और अनुभव ने परिवार को एक नई दिशा दिखाई, और सभी ने यह सीखा कि समझदारी से की गई बचत ही असली धन होती है।

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button